न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना संक्रमण से बचाव जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही महत्वपूर्ण है उससे जुड़ी अफवाहों से दूर रहना। लोग कोरोना के बारे में सोच-सोचकर अपने आप को मानसिक रूप से अस्वस्थ कर रहे हैं। यह कहना है बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय में तैनात क्लीनिकल मनोचिकित्सक रिंकी लकड़ा का।
रिंकी लकड़ा का कहना है कि इस समय हमें सबसे ज्यादा जरूरत है अपने आसपास एक चिंता रहित वातावरण बनाने की और मानसिक तौर पर खुश एवं स्वस्थ रहने की। रिंकी का कहना है कि हम अपनी जिंदगी की सभी घटनाओं पर नियंत्रण नहीं रख सकते, लेकिन उनसे निपटने के लिए सकारात्मक सोच के साथ सही तरीका अपना सकते हैं। शारीरिक स्वास्थ्य अगर हवा की तरह है तो मानसिक स्वास्थ्य पानी की तरह है।
दोनों के बिना जीवित रहना नामुमकिन है, इसलिए अपने शरीर का ख्याल रखें। गहरी सांस लें, योग करें, ध्यान करें। क्लीनिकल मनोचिकित्सक ने कहा कि संतुलित भोजन खाने की कोशिश करें। नियमित व्यायाम करें, भरपूर नींद लें। शराब और नशीले पदार्थों से बचें। फुर्सत के पल निकालकर कुछ अन्य गतिविधियों का आनंद लेने की कोशिश करें।