न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)
कस्बा सहित क्षेत्र के प्रत्येक गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूरी किश्त नहीं मिलने से पात्र लोगों के आवास अधूरे बने खड़े हैं। पूर्णरूप से आवास तैयार नहीं होने की वजह से कई लोगों को किराये के मकान में रहना पड़ रहा है। लोग अगली किश्त आने का इंतजार कर रहे हैं।
पात्र लाभार्थियों का कहना है कि जिस दिन किश्त आ जाएगी उसके दूसरे दिन ही काम शुरू करा देंगे। जिनके आवास अधूरे बने खड़े है उनका कहना है कि उन्होंने अगली आने वाली किश्त की सभी शर्तें पूरी कर दी है उसके बावजूद राशि नहीं आई है। बता दें कि प्रधानमंत्री योजना के तहत पात्र व्यक्ति को आवास बनाने के लिए तीन किश्तों में करीब दो लाख पचास हजार रुपये मिलते हैं।
इसमें पहली किश्त लगभग 50 हजार रुपये की होती है। जिसमें पात्र व्यक्ति को आवास की नींव एवं दीवारें खड़ी करनी होती है। इसका फोटो अपलोड करके भेजा जाता है। इसके बाद ही दूसरी किश्त मिल जाती है। जिससे छत आदि के काम पूरे कराए जाते है। छत बनने के बाद तीसरी किश्त मिलती है। लेकिन, क्षेत्र के लाभार्थियों को अभी तक अगली किश्त आने का इंतजार है। संवाद
- मैं एक गरीब बेवा हूं। कुछ दिन पहले ही मेरे पति की कैंसर से मौत हुई है। मेरा नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता सूची में है, लेकिन अभी तक एक भी किश्त नहीं मिली है। मेरा परिवार एक झोपड़ी में रहकर जीवन काट रहा है। - माया देवी, नगला बिहारी
- माया देवी को प्रधानमंत्री आवास दिलाने के लिए कई अधिकारियों के पास चक्कर लगाए हैं उनका कहना है कि यदि उनका पात्रता सूची में नाम है तो इस योजना के तहत उनके आवास बनवाने की राशि अवश्य मिल जाएगी। - ओमवीर सिंह ग्राम प्रधान नगला बिहारी
- हमें अभी तक तीसरी किश्त नहीं मिली है इस कारण हम इस योजना के तहत आवंटित आवास में दरवाजे, फर्श आदि नहीं करा पाए हैं। किश्त मिलते ही आवास का काम पूरा कराकर इसमें रहने के लिए आ जाएंगे। अभी किसी दूसरे के मकान में रह रहे हैं। - राम प्रकाश सहपऊ
- हमारा आवास बिना किश्तों के अधूरा है। किश्त मिलने के बाद उसे पूरा कर उसको रहने के लायक बना हम अच्छी प्रकार उसमें रहेंगे। अभी तक दरवाजों पर परदे आदि डालकर गुुजरा किया जा रहा है। - इबरारा अहमद, सहपऊ