न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के उपभोक्ताओं को अब बिजली के बिल के लिए विभागीय दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। आने वाले दिनों में अब उन्हें व्हाट्स एप पर ही बिजली का बिल मिल सकेगा। विभागीय अधिकारी व्हाट्स एप बिजनेस सेवा को शुरू करने की तैयारी में जुटे हैं। अब तक करीब 80 प्रतिशत उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर फीड हो चुके हैं। बाकी उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर भी जल्द ही मीटर रीडर की मदद से फीड किए जाएंगे। हालांकि यह सुविधा पहले स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं को दी जाएगी। उसके बाद गैर स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं को यह सुविधा मिलेगी।
बिजली विभाग बदलते परवेश में हाईटेक होता जा रहा है। उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बिलिंग के बाद अब घर बैठे बिजली का बिल व्हाट्सएप नंबर पर उपलब्ध कराने की तैयारी निगम स्तर पर शुरू हो गई है। वैसे उपभोक्ता ऑनलाइन बिल वर्तमान में भी देख सकते हैं।
व्हाट्सएप बिजनेस सेवा के तहत उपभोक्ताओं को कुल पांच सुविधाएं दी जाएंगी। इसमें बिजली का बिल, नए कनेक्शन, खराब मीटर, बिल संशोधन व बिजली आपूर्ति में व्यवधान की शिकायत शामिल होंगी। उपभोक्ताओं को इस सुविधा का लाभ लेने के लिए अपने बिल के 10 अंक का अकाउंट आईडी नंबर व्हाट्स एप पर भेजना होगा। विभाग द्वारा एक व्हाट्स एप नंबर जल्द जारी किया जाएगा। इसकी मदद से उपभोक्ता व्हाट्स एप बिजनेस के तहत सुविधाएं पा सकेंगे।
पहले बड़े शहरों में मिलेगी सुविधा
हाथरस। बिजली निगम द्वारा व्हाट्सएप बिजनेस सेवा पहले बड़े शहरों में दी जाएगी। इस जिले में अभी स्मार्ट मीटर नहीं हैं, इसलिए यहां के उपभोक्ताओं को इस सुविधा का लाभ देरी से मिलेगा। हालांकि हाथरस जिले के 80 प्रतिशत उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर फीड हो चुके हैं। बाकी के नंबर भी जल्द फीड करने की तैयारी चल रही है।