न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पिछले कई दिन से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। बृहस्पतिवार को फिर दिन में आसमान में बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं कुछ स्थानों पर लोगों ने बिजली संकट भी झेला।
बृहस्पतिवार को मौसम का मिजाज फिर बदला। सुबह जहां तेज धूप निकली तो उसके बाद एकाएक आसमान में बादल छा गए। इसके बाद हल्की बूंदाबांदी भी हुई। लोगों ने इससे बचने के लिए जतन किए। एकबारगी ऐसा लगा कि जैसे तेज बारिश होगी, लेकिन हल्की बूंदाबांदी के बाद बादल छंट गए।
मौसम जरूर पूरे दिन सुहाना बना रहा। वहीं दूसरे दिन भी कुछ स्थानों पर लोगों ने बिजली संकट झेला। बुधवार को आई तेज आंधी और बारिश के चलते अभी कई स्थानों पर विद्युत लाइनें टूटी ही पड़ी हैं। इससे देहात में कई स्थानों पर बिजली संकट रहा।