न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के कई इलाकों में रविवार की सुबह कई घंटे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। गिजरौली सबस्टेशन से निकलने वाले टाउन टू व कलवारी रोड फीडर की लाइन पर पेड़ों को टहनियों को हटाने का काम किया गया। इस कारण लोगों को करीब चार घंटे तक बिना बिजली के रहना पड़ा। सुबह दस बजे बिजली आने के बाद लोग तेजी से कामों को निपटाने में जुट गए।
शहर के गिजरौली सबस्टेशन से शहर के अंदर आने वाली 11 केवीए की लाइन पर पेड़ की टहनियां आ रही थीं। इस कारण थोड़ी तेज हवा चलने पर लाइनों में फॉल्ट हो रहे थे। इस कारण लोगों को पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही थी। इसको ध्यान में रखते हुए रविवार की सुबह मौसम सामान्य होने पर विभागीय कर्मियों की मदद से लाइन पर आने वाली टहनियों को हटाने का काम किया गया।
इस कारण गिजरौली सबस्टेशन से निकलने वाले टाउन टू फीडर व कलवारी फीडर से जुड़े चामड़ गेट, चूना वाला डंडा, आगरा रोड, गिजरौली, कलवारी रोड आदि इलाकों में सुबह छह बजे से दस बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिना बिजली के लोगों को खासी मुश्किलों से जूझना पड़ा। जेई रामकुमार का कहना है कि लाइन पर पेड़ की टहनियों को हटाने का काम किया गया। इस कारण कुछ समय बिजली आपूर्ति प्रभावित रही है।