हाथरस : भोपतपुर बिजलीघर पर टूटी पड़ीं कुर्सियां व मौजूद विद्युत कर्मी।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस जंक्शन क्षेत्र के भोपतपुर सबस्टेशन की 11 केवीए की लाइन में खराबी आ गई। सुबह दस बजे से करीब 34 गांवों में बिजली संकट गहराया गया। बिजली गुल होने से नाराज लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। इन लोगों ने सबस्टेशन पर हंगामा किया और तोड़फोड़ की। विभागीय अधिकारियों ने इन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। विभागीय अधिकारी यह कह रहे है कि रेलवे लाइन के नीचे से केबल गुजरने के कारण रेलवे से अनुमति नहीं मिल रही है। इस कारण बिजली विभाग केबल को नहीं बदल पा रहा है।
हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव भोपतपुर के सबस्टेशन से तीन फीडर निकल रहे हैं। एक फीडर से करीब दस गांवों को बिजली आपूर्ति की जा रही है। शुक्रवार की सुबह रेलवे लाइन के नीचे 11 केवीए की लाइन में फाल्ट हो गया। इसकी वजह से वहां एक कुत्ता भी मर गया और 34 गांवों की बिजली गुल हो गई। बिजली गुल होने के बाद काफी लोग सब स्टेशन पर पहुंच गए। इन लोगों ने सबस्टेशन पर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस के बाद लोग वहां से चले गए, लेकिन जब इसके बाद पुलिस वहां से चली आई तो फिर यह लोग वहां पहुंच गए और सब स्टेशन पर तोड़फोड़ की।
आरोप है कि इन लोगों ने सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए और कुछ कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की। इस मामले में विभागीय अधिकारियों ने कुछ नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। बिजली अधिकारियों का कहना है कि केबल बदलने का प्रस्ताव भेजा है। इसे हरी झंडी मिल गई है। रेलवे अधिकारियों की अनुमति का इंतजार किया जा रहा है। उसके बाद केबल बदलने का काम किया जा रहा है।
एसडीओ डीके शर्मा का कहना है कि रेलवे की अनुमति न मिलने के कारण केबल नहीं बदली जा पा रही है। केबल को सही करने के लिए कर्मी गए थे। लोगों की यह मांग थी कि नई केबल बदली जाए।अनुमति मिलने के बाद केबल बदलवाई जाएगी। जिन लोगों ने हंगामा किया है, उनके खिलाफ तहरीर दी गई है। करीब 34 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित है।