न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिला अस्पताल की ओपीडी पिछले करीब एक माह से बंद है। इसकी वजह से अन्य बीमारियों से ग्रसित मरीजों व उनके तीमारदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना डेढ़ से दो हजार तक मरीज आते हैं।
बता दें कि कोरोना की दूसरी लहर के बाद यहां की ओपीडी बंद कर दी गई। ऐसे में कोरोना के अलावा अन्य बीमारियों के मरीज व उनके तीमारदार काफी परेशान हैं। उन्हें उपचार के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। कई प्राइवेट चिकित्सक भी अभी अपने क्लीनिकों पर नहीं बैठ रहे। ऐसे में मरीज झोलाछाप से इलाज कराने को मजबूर हैं।
जिला अस्पताल की ओपीडी कब खुलेगी, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आईवी सिंह का कहना है कि अभी ओपीडी खोलने का आदेश नहीं आया है। आदेश आने पर ही ओपीडी खोली जाएगी।