न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के हाथरस जंक्शन में बने पासपोर्ट सेवा केंद्र को कोरोना के चलते करीब दो माह से बंद चल रहा था। अब सोमवार से हाथरस जंक्शन में बना पासपोर्ट सेवा केंद्र खुल सकता है। इससे कई जिलों के आवेदकों को राहत मिलेगी। पासपोर्ट अधिकारियों के अनुसार आवेदकों को री शेड्यूल कर केंद्र खुलने की जानकारी दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि कोरोना संक्रमण के चलते हाथरस सहित अधिकांश जगहों के पासपोर्ट सेवा केंद्रों को पहले 14 मई तक बंद किया गया था। अब इस अवधि को छह जून तक कर दिया गया है। अब पासपोर्ट केंद्र सोमवार से खुलना तय माना जा रहा है।
पासपोर्ट सेवा केंद्र खुलने से हाथरस, आगरा, अलीगढ़, मथुरा, मेरठ आदि जिलों के आवेदकों को राहत मिलेगी। पासपोर्ट अधिकारी जयकेश यादव का कहना है कि कोरोना के चलते पासपोर्ट सेवा केंद्र बंद चल रहा था। सोमवार से यह केंद्र खुलना तय है। यदि कोई आदेश आता है तो उस पर अमल किया जाएगा।