न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शासन के निर्देश के क्रम में पंचायत सहायक के पदों पर भर्ती प्रक्रिया में ग्राम प्रधानों के आरक्षित पदों के आधार पर आवेदकों की मेरिट लिस्ट में शामिल किया जाएगा। जिस आरक्षित वर्ग के ग्राम प्रधान हैं, उसी वर्ग के पंचायत सहायक रखे जाएंगे। इसके लिए आवेदनों की जांच शुरू कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि जिले में 463 पंचायत सहायक के पदों के सापेक्ष 4199 अभ्यर्थियों ने आवेदन जमा किए हैं। वहीं 6 आवेदकों ने कोविड मृतक आश्रित के आधार पर नियुक्ति का दावा किया है। यह आवेदन प्रशासन ने ब्लॉक, ग्राम पंचायत व जिला मुख्यालय पर लिए थे। इन आवेदनों को एकत्रित कर लिया गया है।
यहां ब्लॉक स्तर पर 2900, ग्राम पंचायत स्तर पर 1232 व जिला स्तर पर 67 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वही ग्राम पंचायतों की ओर से आवेदनों की जांच शुरू कर दी गई है। शासन के निर्देश के क्रम में जिस ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान जिस आरक्षित वर्ग का है, उस ही वर्ग के पंचायत सहायक के पद पर भर्ती की जाएगी। संवाद