हाथरस: तालाब चौराहे पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए खड्डे से निकलते लोग।
- फोटो : HATHRAS
ओवरब्रिज निर्माण से लोगों के सामने मुसीबत
आवागमन प्रभावित और बिजली कटौती का दंश झेल रहे लोग
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। शहर के तालाब चौराहा पर हो रहा ओवर ब्रिज निर्माण लोगों के सामने मुसीबत खड़ी कर रहा है। आवागमन प्रभावित होने के साथ आए दिन बिजली कटौती के कारण लोगों को दिक्क्तों से जूझना पड़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि शहर वासियों को जाम के झाम से राहत दिलाने के लिए ओवर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। इन दिनों ओवर ब्रिज परिधि में रेलवे द्वारा पिलर बनाने का काम किया जा रहा है। इस कारण मार्ग अवरुद्ध है। रेलवे क्रासिंग को पार करने में लोग चुटैल हो रहे हैं। क्योंकि खुदाई व पिलर निर्माण के चलते गहरे गहरे गढ्ढे हो रहे हैं। वहीं बिजली विभाग द्वारा एक छोर पर काम नहीं किया जा रहा है।
कभी अलीगढ़ रोड पर सर्विस केबिल डालकर डिस्ट्रिब्यूशन बॉक्स लगाए जा रहे हैं तो कभी आगरा रोड की साइड पर खुदाई की जा रही है। इस कारण आए दिन कई कई घंटे बिजली गुल हो रही है। बिना बिजली के लोग जरूरी कामकाज नहीं कर पा रहे हैं।