हाथरस : तालाब चौराहे पर होता ओवरब्रिज का निर्माण कार्य।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के तालाब चौराहे पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज अर्च (अर्द्ध गोलाकार) डिजायन से संवरता हुआ नजर आ रहा है। रेलवे ने काम को तेजी से पूरा करने के लिए अब ब्लॉक की अवधि को बढ़ाकर 27 फरवरी तक कर दिया है। इस अवधि में हर रोज रात नौ बजे से रात 11 बजे तक और सुबह तीन बजे से छह बजे तक ब्लॉक लिया जाएगा। इसके अलावा ओवरब्रिज में एक दर्जन से अधिक हैंगर और आठ अर्च के साथ एक दर्जन से अधिक क्रॉस गार्डर भी लगाए जा चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि शहरवासियों को जाम से राहत दिलाने के लिए तालाब चौराहे पर ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। रेलवे की निर्माण इकाई द्वारा काम को तेजी से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। अर्च की डिजायन से निर्माणाधीन ओवरब्रिज काफी आकर्षक लग रहा है। यह पुल वाराणसी के पुल की तर्ज पर बनाया जा रहा है। मथुरा-सिकंदराराऊ मार्ग पर ट्रैफिक वन वे होने के कारण लोगों को सुबह से शाम तक जाम से जूझना पड़ रहा है।