हाथरस : जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती मरीज। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में बुखार का प्रकोप जारी है। वायरल फीवर, डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिले में आठ और लोगों की बुखार से मौत हो गई। वहीं 11 अन्य लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी प्रभावित क्षेत्रों में जा रही हैं। साथ ही स्थानीय निकाय और पंचायतराज विभाग द्वारा भी फॉगिंग कराई जा रही है।
बुखार का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा। जिले में अब तक 75 से ज्यादा लोगों की मौत बुखार से हो चुकी है। सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों की भरमार है। काफी मरीज अपना जिले से बाहर भी उपचार करा रहे हैं।
एक महिला स्वास्थ्य कर्मी सहित आठ और लोगों की बुखार से मौत हुई है। इधर, 11 अन्य मरीजों की रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि हुई है। संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए पंचायतराज विभाग द्वारा गांव-गांव एंटी लार्वा का छिड़काव किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी प्रभावित क्षेत्रों में जाकर रोगियों का उपचार कर रही हैं। संवाद