न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
बदलते मौसम में संक्रामक रोगों का प्रकोप शुरू हो गया है। क्षेत्र के गांव कुकटई में वायरल फीवर और डेंगू बुखार लोगों की अपनी चपेट में ले रहा है। यहां कई लोग बुखार की चपेट में आ चुके हैं। कई लोग गांव में रहकर ही अपना उपचार करा रहे हैं तो कई लोग आगरा के अस्पतालों में भर्ती रहकर अपना उपचार करा रहे हैं।
अक्तूबर माह बीतने को है। सुबह और शाम हल्की सर्दी शुरू हो चुकी है। इस बदलते मौसम में सर्दी, जुकाम, बुखार और खुजली के मरीज बढ़ रहे हैं। सरकारी से लेकर निजी अस्पतालों में मरीजों की संख्या में इजाफा शुरू हो गया है। अधिकतर मरीज वायरल के आ रहे हैं। वायरल के बीच ही लोगों को कोरोना महामारी का भय सता रहा है।
लिहाजा काफी लोग अपना उपचार आगरा के निजी अस्पतालों में करा रहे हैं। गांव कुकटई में वंदना पुत्री कोमल सिंह, रश्मि, विपिन, विकास पुत्र मदनमोहन और कन्हैयालाल पुत्र लाखन सिंह सहित कई लोग बुखार की चपेट में हैं। बताते हैं कि इस गांव के कई लोगों को निजी पैथलॉजी लैब में कराई गई जांच में डेंगू भी कन्फर्म हुआ है। गांव के काफी लोग आगरा में अपना उपचार करा रहे हैं।
स्वास्थ्य टीम ने शिविर लगाकर किया 87 मरीजों का इलाज
सादाबाद। गांव कुकटई में संक्रामक रोग फैलने की सूचना स्वास्थ्य महकमे को भी हो गई। आनन-फानन स्वास्थ्य टीम ने गांव के स्कूल में शिविर लगाकर लोगों का उपचार किया। टीम में शामिल डॉ. मनीष, डॉ. प्रेमपाल, सीपी सिंह आदि ने खांसी, जुकाम, बुखार, खुजली आदि से पीड़ित 87 मरीजों का उपचार किया गया और दवाएं वितरित की गईं। बदलते मौसम में सतर्कता बरतने के प्रति लोगों को सतर्क किया।