न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
छापे के दौरान बुधवार को गड़ोला मार्ग स्थित एक झोलाछाप चिकित्सक के दुकान बंद कर फरार होने के मामले में एसडीएम ने इस चिकित्सक के खिलाफ प्रभारी चिकित्साधिकारी सोनू निमेष को रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।
एसडीएम विजय शर्मा ने बुधवार को जब कस्बा में झोलाछाप चिकित्सकों के यहां पर छापा मारा तो वह अपने प्रतिष्ठानों को बंद कर भाग गए थे। एसडीएम जब गड़ोला मार्ग पर एक झोलाछाप चिकित्सक के क्लीनिक पर पहुंचे तो एसडीएम को आते हुए देखकर यह झोलाछाप चिकित्सक अपने प्रतिष्ठान को बंद कर पीछे से भाग गया।
एसडीएम ने बुधवार को दो क्लीनिकों को सीज करते हुए झोलाछाप चिकित्सकों को कागजात दिखाए जाने के लिए दो दिन का समय दिया था मगर इनके द्वारा कागजात पेश नहीं किए जाने पर शुक्रवार को एसडीएम ने एमओआईसी सोनू निमेष को रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के निर्देश दिए। शुक्रवार को सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी सोनू निमेष कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर लेकर पहुंचे, लेकिन थानाध्यक्ष के मौजूद नहीं होने के कारण रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई थी।