न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
चंदपा क्षेत्र की एक बिटिया का मामला अभी ठंडा नहीं पड़ा है कि अब महिलाओं और बेटियों के साथ हो रही वारदातों से फिर हाथरस सुर्खियों में है। छेड़खानी के मामले में सासनी के एक गांव में सरेआम एक युवती के पिता की हत्या के बाद विपक्ष ने सरकार पर हमला बोला है। पूर्व सीएम अखिलेश यादव सहित कई विपक्षी नेताओं ने इस घटना पर ट्विीट किया है। वहीं इस घटना के बाद विपक्ष को हमलावर होता देख यहां पुलिस प्रशासन खासा सक्रिय है। प्रशासन की कोशिश है कि जल्द से जल्द अन्य आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएं, जिससे कि हालात किसी भी सूरत में बेकाबू न हों।
सासनी के एक गांव में सोमवार को दिनदहाड़े एक किसान को कुछ नामजदों ने सरेआम गोलियों से भून डाला था। इस मामले की वजह भी छेड़खानी ही है। इस किसान की बेटी के साथ मुख्य आरोपी गौरव ने वर्ष 2018 में छेड़खानी की थी और इस मुकदमे में वह जेल भी गया था। तब से गौरव किसान पर मुकदमा वापस लेने को दवाब डाल रहा था।
इस घटना के बाद फिर योगी सरकार को विपक्ष ने घेरा है। अखिलेश यादव ने इस घटना पर ट्विट करते हुए कहा है कि हाथरस की बेटी के बाद अब हाथरस में एक और बेटी के साथ हुई छेड़खानी की शिकायत करने वाले पिता की सरेआम हत्या का दुर्दांत कांड हुआ है। भाजपा सरकार से हताश उप्र की नारियों ने तो अब इस सरकार से इंसाफ की मांग करना भी छोड़ दिया है। इसके अलावा कांग्रेस और आप ने भी योगी सरकार को इस कांड पर घेरा है।
वहीं इस घटना ने जिस तरह से सियासी रूप लिया है। उससे यहां का पुलिस प्रशासन भी खासा चौकन्ना हो गया है। यही कारण रहा कि एसपी और डीएम खुद मृतक के अंतिम संस्कार में मौजूद रहे। खुफिया तंत्र इसकी टोह ले रहा है कि कहीं विपक्ष चंदपा क्षेत्र के प्रकरण की तरह इस घटना को तूल तो नहीं दे रहा। वहीं पुलिस ने एक आरोपी तो पकड़ लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश में लगातार दबिशें दे रही है।
मृतक की बेटी का वीडियो वायरल
हाथरस। किसान हत्याकांड की मुख्य गवाह व मृतक की बेटी का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा। इसमें वह थाना सासनी परिसर में रो-रोकर अपने पिता की हत्या के बारे में जानकारी दे रही है। इस वीडियो को देख कर हर किसी की आंखें नम हो रहीं हैं और आरोपियों के खिलाफ लोग आक्रोशित हैं।