हाथरस : बिजली बिज जमा करने के लिए बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ शिविर लगाते सीएससी संचालक।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बिजली बिल जमा करने के लिए प्रदेश सरकार ने एकमुश्त समाधान योजना शुरू की है। इसके द्वारा एलएमवी-1 घरेलू एवं एलएमवी निजी नलकूप श्रेणी के सभी उपभोक्ताओं के विलंबित भुगतान अधिभार की 100 प्रतिशत छूट के लिए ‘‘एकमुश्त समाधान योजना‘‘ कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से शुरू की गई है।
एकमुश्त समाधान योजना में ग्रामीण के सभी घरेलू और निजी नलकूप के बकायेदारों को 31 जनवरी तक के विद्युत बकाए पर सरचार्ज के रूप में लगाई गई धनराशि में 100 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इसका पंजीकरण 15 मार्च तक किया जाएगा। सभी बकायेदार इस अवधि में अपने नजदीकी किसी भी कॉमन सर्विस केंद्र पर जाकर पंजीकरण कराकर छूट का लाभ ले सकते हैं।
योजना का लाभ पाने के लिए उपरोक्त श्रेणी के उपभोक्ताओं का योजना के अंतर्गत सबसे पहले ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य होगा। योजना में उपभोक्ता के ऑनलाइन पंजीकरण के समय खाता संख्या फीड करते ही उपभोक्ता का समस्त विवरण यथा पंजीकरण के लिए देय धनराशि, मूल बिल धनराशि, सरचार्ज मे छूट, भुगतान की स्थिति इत्यादि परिलक्षित होंगी। पंजीकरण के समय उपभोक्ता का फोन नंबर एवं बिल संशोधन का विकल्प अवश्य लिया जाएगा। पंजीकरण के बाद यदि उपभोक्ता बिल संशोधन का विकल्प चुनता है तो संबंधित विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता का यह दायित्व होगा कि वह 7 दिन के अंदर उपभोक्ता का बिल ऑनलाइन संशोधन करे।
- जनपद हाथरस में मौजूद लगभग 600 सीएससी पर विद्युत उपभोक्ता इस योजना में अपना पंजीकरण कराकर सरचार्ज में 100 प्रतिशत छूट के साथ अपना बकाया विद्युत बिल संशोधन कराकर जमा कर सकते हैं। - प्रदीप कुमार, जिला प्रबंधक सीएससी