न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
किसी भी प्रकार की हिंसा से पीड़ित महिलाओं के लिए राहत और सहायता के लिए स्थापित ‘वन स्टॉप सेंटर’ का शुभारंभ मंगलवार को डीएम ने किया। यह सेंटर हाथरस तहसील परिसर स्थित कोषागार भवन में स्थापित है।
डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने कहा कि यह केंद्र घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर उत्पीड़न और सार्वजनिक स्थान पर किसी तरह से पीड़ित महिला की सहायता में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि शारीरिक, लैंगिक, मानसिक, भावनात्मक अथवा आर्थिक उत्पीड़न से त्रस्त किसी भी आयु वर्ग की महिला को यहां पर चिकित्सकीय सहायता, विधिक परामर्श एवं सहायता, मनोचिकित्सकीय परामर्श तथा आवास एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराया जाएगा। डीएम ने कहा कि वर्तमान में महिलाओं के हित में इस केंद्र का संचालन कोषागार के पुराने भवन में किया जा रहा है, किंतु वन स्टॉप सेंटर के लिए स्वतंत्र भवन का निर्माण शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा और यह सेंटर उसी भवन में स्थापित हो जाएगा।
उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिए कि किसी प्रकार की पीड़ित महिला की सूचना मिलने पर तुरंत उसको राहत पहुंचाई जाए। उसे आवश्यक विधिक सलाह और सहायता दी जाए। यह ध्यान रखा जाए कि महिलाओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और उन्हें त्वरित न्याय मिलने की व्यवस्था की जाए। गौरतलब है कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा हिंसा से पीड़ित महिलाओं के लिए राहत और सहायता के लिए वन स्टॉप सेंटर संचालित किया जा रहा है। इस मौके पर सीडीओ आरबी भास्कर, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा, सीओ सिटी रामशब्द यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी डीके सिंह, सेंटर मैनेजर मनीषा भारद्वाज, केयर टेकर रामजी वर्मा, संरक्षण अधिकारी विमल शर्मा, महिला कल्याण अधिकारी मोनिका गौतम आदि मौजूद थीं।