उर्वरक के स्टॉक को चेक करते अधिकारी। संवाद
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिले में डीएपी की किल्लत दूर करने के लिए अधिकारी लगातार उर्वरक की दुकानों का निरीक्षण कर रहे हैं। बुधवार को फिर विभागीय अधिकारियों ने कई दुकानों का निरीक्षण किया। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि अब तक 22676 मीट्रिक टन फॉस्फेटिक उर्वरक की आपूूर्ति हो चुकी है। इसके अलावा 22884 मीट्रिक टन खाद का वितरण हो चुका है।
उन्होंने बताया कि जनपद में 1792 मीट्रिक टन फॉस्फेटिक खाद की उपलब्धता है। जनपद में 8400 मीट्रिक टन यूरिया की उपलब्धता है। सादाबाद, सासनी एवं सिकंदराराऊ में कृभको केंद्रों पर उर्वरक आपूर्ति करने हेतु कृभको के अधिकारियों से वार्ता की गई। सहकारी समितियों हेतु इफको डीएपी 3350 मीट्रिक टन की एक रैक हाथरस किला रैक पाइंट पर अगले तीन दिन में लगेगी।
निजी क्षेत्र में आपूर्ति हेतु आरसीएफ फॉस्फेटिक उर्वरक की रैक आगरा रैक पाइंट से 400 मीट्रिक टन आपूर्ति हो रही है। मोजेक डीएपी की रैक 19 नवंबर को जनपद एटा में लगना प्रस्तावित है। इस जिले को 400 मीट्रिक टन प्राप्त होगी।
एनएफएल डीएपी की रैक मथुरा में लगेगी। इसमें से जिससे 400 मीट्रिक टन जिले को बृहस्पतिवार को प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा सहकारी समितियों पर डीएपी आपूर्ति कराने हेतु 5000 मीट्रिक टन की मांग अपर मुख्य सचिव कृषि को भेजी गई है।