न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक अफसरों में खलबली मची हुई है। जिले की ग्राम पंचायतों में बनाए जा रहे अमृत सरोवरों को अब तेजी से पूर्ण करने में अफसर जुट गए हैं। इसे लेकर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) साहित्य प्रकाश मिश्र ने सभी खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) से अमृत सरोवर की वर्तमान स्थिति के फोटोग्राफ सहित ब्योरा मांगा है।
सीएम योगी आदित्यनाथ के जिले में दौरे को लेकर प्रशासनिक अफसरों ने पत्रावलियों को दुरुस्त करना शुरू कर दिया गया है। शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं को अब प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है, जिससे समीक्षा बैठक के दौरान सीएम की नाराजगी से बचा जा सके। इसे लेकर सीडीओ ने अमृत सरोवर के तहत किए जा रहे तालाबों के जीर्णोद्घार के कार्य की समीक्षा शुरू कर दी है।
सीडीओ साहित्य प्रकाश मिश्र ने सभी बीडीओ को अमृत सरोवर की वर्तमान स्थिति के फोटोग्राफ सहित पूरा ब्योरा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि संज्ञान में आया है कि कई अमृत सरोवर अभी तक पक्के निर्माण भी नहीं कराए गए हैं। कुछ अमृत सरोवर पर टेंडर प्रक्रिया पूर्ण नहीं की गई है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि तत्काल टेंडर प्रक्रिया को पूरा किया जाए। संवाद