न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
ग्राम प्रधानों की लंबित जांचों को लेकर जिला प्रशासन सख्ती बरत रहा है। डीएम ने पिछले दिनों जांच लंबित रहने पर कई जांच अधिकारियों का वेतन रोकने की कार्रवाई की है। जिले में वर्तमान में 32 ग्राम प्रधानों के खिलाफ जांचें लंबित हैं। यहां तक जांच अधिकारियों ने क्षेत्र पंचायत प्रमुखों की जांच भी ठंडे बस्ते में डाल रखी हैं।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन की ओर से लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने को लेकर सख्ती बरती जा रही है । इस क्रम में ग्राम प्रधानों की लंबे समय से लंबित जांचों को पूरा करने के लिए डीएम ने सख्ती बरती है।
हैरानी की बात यह है कि कई ग्राम प्रधानों की जांचें पिछले डेढ़ साल से भी अधिक समय से लंबित हैं। इनमें जांच अधिकारियों द्वारा हीलाहवाली बरती जा रही है। पूर्व में डीएम ने जांच अधिकारियों का वेतन रोकने की कार्रवाई की है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही संबंधित अधिकारियाें का वेतन आहरित किया जाएगा। हैरानी की बात यह है कि कई क्षेत्र प्रमुखों की जांच भी लंबित हैं।