न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शासन ने आखिरकार सरकारी गेहूं खरीद की अवधि 22 जून तक बढ़ा दी है। तिथि बढ़ने का फायदा जिले के करीब तीन हजार किसानों को होगा। 19 हजार में से 15600 पंजीकृत किसान ही सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं बेच सके हैं। करीब तीन हजार पंजीकृत किसान विभिन्न अभी तक क्रय केंद्रों पर गेहूं लेकर नहीं आए हैं। अब वह 22 जून तक जिले की मंडियों में स्थित 11 क्रय केंद्रों पर अपना गेहूं बेच सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि गेहूं खरीद के लिए जिले में 53 क्रय केंद्र बनाए गए थे। इन क्रय केंद्रों पर 19 हजार किसानों ने पंजीकरण कराया था, जिसमें 15600 किसानों ने छह लाख क्विंटल से अधिक गेहूं बेच दिया है। मंगलवार को गेहूं खरीद की अंतिम तिथि थी। इस कारण काफी किसान गेहूं लेकर भी पहुंचे। जिले में करीब तीन हजार किसान गेहूं नहीं बेच पाए। देर शाम को शासन स्तर से गेहूं खरीद की तारीख 22 जून घोषित कर दी गई है।
अब बाकी किसान मंडियों में स्थित 11 क्रय केंद्रों पर अपना गेहूं बेच सकते हैं। हालांकि अब ग्रामीण क्षेत्र के क्रय केंद्रों को शासन स्तर से बंद कर दिया गया है। इस कारण केंद्रों की संख्या कम हो गई है। डिप्टी आरएमओ राजेश कुमार का कहना है कि अब 22 जून तक मंडियों में स्थित 11 क्रय केंद्रों पर किसानों से गेंहू की खरीद होगी। बाकी क्रय केंद्रों को शासन स्तर से बंद कर दिया गया है।