हाथरस : रोडवेज बस में बैठने के लिए लगी भीड़। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मंगलवार से शहनाई की गूंज थम जाएगी। 14 जनवरी मकर संक्रांति के बाद फिर से बैंड, बाजा और बरात के धूमधड़ाके की शुरुआत होगी। सूर्य के धनसंक्राति में प्रवेश के साथ पौष माह की शुरुआत होगी। पौष माह में विवाह और अन्य मांगलिक कार्य नहीं होंगे। सहालग के थमने के कारण बाजार में खामोशी छा जाएगी।
उल्लेखनीय है कि देवोत्थान एकादशी की शुरुआत देवों के जागने के साथ हुई थी। लंबे समय से बाजार में छाया कारोबारी सन्नाटा भी टूटा था। सहालग में लोगों ने कपड़े, ज्वैलरी और ऑटो मोबाइल की खरीदारी की। अब मंगलवार की रात से धन की संक्रांति लग जाएगी। धन संक्रांति लगने के साथ विवाह नहीं होंगे, फिर मकर संक्रांति के बाद विवाह की शुरुआत होगी। इस कारण कुल मिलाकर एक माह के लिए शहनाई की गूंज सुनाई नहीं देगी। 14 जनवरी से फुलौरा दौज तक विवाह का क्रम चलेगा। उसके बाद होलिकाष्टक लग जाएंगे। संवाद
रोडवेज बसों में सवार होने को रही मारामारी
हाथरस। जिलेभर में सोमवार को शादियों की धूम रही। इस दौरान रोडवेज बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की अच्छी-खासी भीड़ रही। बसों में सवार होने के लिए यात्रियों में मारामारी मची रही। हाथरस डिपो की 77 में से दो दर्जन से अधिक बसें वर्तमान में सामान के अभाव में कार्यशाला में खड़ी हैं। इस कारण भी यात्रियों को बसों की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। इसका पूरा फायदा डग्गामार वाहन वालों ने उठाया है। संवाद