न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना पॉजिटिव पाए गए सिपाही के परिजनों ने पूर्व मंत्री व सादाबाद विधायक रामवीर उपाध्याय ने यह शिकायत की है कि अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती सिपाही को खाने-पीने के लिए पर्याप्त भोजन नहीं मिल रहा। इस पर उपाध्याय ने अपर मुख्य सचिव गृह को पत्र लिखकर जांच की मांग की है।
अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में कोरोना के मरीजों की खाने-पीने की शिकायतें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अब पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय से कोरोना पॉजिटिव सिपाही के परिजनोें ने फोन पर शिकायत की कि इस सिपाही को मेडिकल कॉलेज में सही खाना-पीना नहीं मिल रहा। उपाध्याय के मुताबिक इस पर उन्होंने अपर मुख्य सचिव गृह को पत्र लिखकर इन शिकायतों की जांच के लिए कमेटी गठित करने की मांग की है।
उपाध्याय ने कहा है कि एक तरफ जहां प्रदेश सरकार सभी को भर पेट भोजन उपलब्ध कराने के लिए नए-नए प्रयास कर रही है। अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में मरीजों को भोजन के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति तब है, जबकि मेडिकल कॉलेज में मरीजों की संख्या काफी कम है।
उन्होंने कहा है कि इससे साफ जाहिर होता है कि यदि मरीजों की संख्या दुर्भाग्यवश बढ़ती है तो क्षेत्र के लिए मुसीबत तो पैदा होगी ही वही प्रशासनिक लापरवाही आम आदमी के आत्मबल को भी कमजोर करेगी। यह तथ्य भी उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों शहर के कोरोना पॉजिटिव कैंसर पीड़ित के खाने-पीने की शिकायत भी पूर्व मंत्री उपाध्याय से उसके परिजनों ने की थी और तब भी उपाध्याय ने शासन को पत्र लिखा था।