न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
भवन निर्माण के लिए ऑफलाइन मिलने वाला अस्थायी बिजली कनेक्शन अब सिर्फ ऑनलाइन मिलेगा। अस्थायी कनेक्शन के आवेदन के लिए ऑफलाइन आवेदन पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है। बीस किलोवाट तक आवेदन झटपट पोर्टल पर उससे अधिक अस्थायी कनेक्शन के लिए निवेश मित्र पोर्टल पर आवेदन करना होगा।
इसके लिए प्रोसेसिंग फीस, कनेक्शन शुल्क, मीटर चार्ज, लाइन चार्ज व सिक्योरिटी को ऑनलाइन जमा करना होगा। वैद्यता खत्म होने पर कनेक्शन को काट दिया जाएगा या फिर अवधि को बढ़वाना पड़ेगा। नई व्यवस्था में अब उपभोक्ता से एडवांस एनर्जी चार्ज को जमा नहीं कराया जाएगा।
यह चार्ज ऑनलाइन बिलिंग के जरिये वसूला जाएगा। अभी पूरी अवधि का अस्थायी एनर्जी चार्ज वसूल किया जाता था। इस मामले में अधीक्षण अभियंता जगतराम का कहना है कि अस्थायी बिजली कनेक्शन अब ऑनलाइन मिलेगा। ऑफलाइन पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है। संवाद