न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के मुख्य डाकघर में आने वाले दिनों में लोगों को सैनिटाइजर की बोतलें मिलेंगी। डाक विभाग का एक कंपनी से करार हो गया है, जिसके माध्यम से सभी डाकघरों में बोतल उपलब्ध कराई जाएंगी। अलीगढ़ डिविजन के अंतर्गत आने वाले शहर के डाकघर में भी जल्दी सैनिटाइजर उपलब्ध होगा। साथ ही सैनिटाइजर बोतल की कीमतें भी तय कर दी गई हैं।
उल्लेखनीय है कि डाक विभाग बदलते समय में लोगों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ इनकम बढ़ाने पर भी खासा ध्यान दे रहा है। लॉकडाउन अवधि में डाक विभाग ने लोगों को पार्सल के जरिये दवाएं उपलब्ध कराईं। वहीं अनलॉक-1 में डाक विभाग लोगों को सैनिटाइजर उपलब्ध कराने की कोशिश में जुट गया है। इसके चलते डाक विभाग का मेघदूत ग्राम उद्योग सेवा संस्थान से करार हो गया है।
माना जा रहा है कि जल्द ही मुख्य डाकघर में सैनिटाइजर की बोतल आम लोगों के लिए उपलब्ध होंगी। 60 मिली की बोतल 30 रुपये, 100 मिली की बोतल 50 रुपये में मिलेगी। डाक विभाग के एएसपी चंद्रशेखर सिंह का कहना है कि सैनिटाइजर अलीगढ़ रीजन के तहत हाथरस मुख्य डाकघर में आएगा। डाक विभाग का एक संस्थान से करार हो गया है। जल्द ही मुख्य डाकघर में सैनिटाइजर की बोतल आएगी।