न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के जनप्रतिनिधियों की वित्तीय वर्ष 2019-20 की विकास निधि में से निधि नहीं बच पाने के कारण अब कोविड केयर फंड में यहां जिले से कोई आर्थिक मदद नहीं दी जा सकेगी। कोरोना महामारी को लेकर जनप्रतिनिधियों की निधियों में से एक-एक करोड़ रुपये कोविड केयर फंड में दिए जाने के आदेश दिए गए थे। कोविड केयर फंड में निधि नहीं भेजने की स्थिति में शासन स्तर से कोविड केयर फंड में निधि की धनराशि नहीं आने पर निधि भेजे जाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
शासन स्तर से कोरोना महामारी को लेकर सभी विधायकों को कोविड केयर फंड में एक-एक करोड़ रुपये की धनराशि अपनी अपनी विकास निधि से दिए जाने के निर्देश जारी किए गए थे। इस क्रम में प्रदेश के कई विधायकों ने अपनी निधि में मौजूद धनराशि को कोविड केयर फंड में ट्रांसफर करा दिया। यहां जिले में भी इस तरह का पत्र जिला प्रशासन को प्राप्त हुआ। यहां पर प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों से धनराशि भेजे जाने के प्रस्ताव मांगे।
डीआरडीए के एई सुरेंद्र गौतम के अनुसार के यहां विधायकों ने वित्तीय वर्ष 2020-21 की निधि में से कोविड केयर फंड में धनराशि दिए जाने के प्रस्ताव दिए थे। वित्तीय वर्ष 2019-20 की विकास निधि में धनराशि नहीं होने के कारण कोविड केयर फंड में धनराशि नहीं भेजी जा सकी। उन्होंने बताया कि अब फिलहाल शासन ने विकास निधि पर रोक लगा दी है, इसलिए कोविड केयर फंड में धनराशि नहीं भेजी जा सकती है।