न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले की ग्राम पंचायतों में होने वाले निर्माण कार्यों के प्राक्कलन तैयार करने के लिए ब्लॉकवार तैनात किए गए जूनियर इंजीनियर (जेई) की बाध्यता का समाप्त कर दिया गया है। अब ग्राम पंचायत के प्रधान व सचिव अपने पसंदीदा जेई से प्राक्कलन तैयार करा सकेंगे। पूर्व में शासन की ओर से पंचायतराज विभाग को 25 जेई दिए गए थे। इनमें से 17 जेई का विभाग के साथ अनुबंध हुआ है।
शासन की ओर से पंचायतीराज विभाग में सेवा प्रदाता एजेंसी के माध्यम से जेई की तैनाती की गई है। जिले में 25 जेई को भेजा गया था। इनमें से 17 जेई ने उपस्थित होकर विभाग के साथ अनुबंध किया है।
इस क्रम में डीपीआरओ ने ब्लॉकवार इन जेई की तैनाती की है, जिससे निर्माण कार्य के लिए पंचायतराज विभाग को अन्य विभागों के जेई पर निर्भर न रहना पड़े। अब उच्चाधिकारियों के निर्देश पर इन जेई की ब्लॉक वार तैनाती के आदेश को निरस्त कर दिया गया है। अब यह जेई किसी भी ग्राम पंचायत के निर्माण कार्य का प्राक्कलन तैयार कर सकेंगे। संवाद