न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अब उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए ऑनलाइन बिलिंग काउंटर पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यदि उपभोक्ता चाहे तो वह मीटर रीडर की मदद से मौके पर ही बिल जमा कर सकता है। एक बिल जमा करने पर मीटर रीडर को पंद्रह रुपये की राशि विभाग द्वारा दी जाएगी। मीटर रीडरों को इसके लिए अपना बॉलेट बनाना होगा। तभी वह बिल जमा करने की शुरुआत कर पाएंगे।
उल्लेखनीय है कि हाथरस जिले में 65 बिजलीघरों के जरिए करीब सवा दो लाख उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति की जाती है। विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को नजदीकी बिल जमा करने के लिए ऑनलाइन बिलिंग काउंटर भी खोल रखे हैं। इसके अलावा सीएससी व स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की मदद से भी बिल जमा कराने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी बीच विभाग ने अपने मीटर रीडर की इनकम को बढ़ाने व हर माह समय से राजस्व हासिल करने की नई पहल शुरू की है। जैसे ही मीटर रीडर आपको साइट पर बिल निकालकर देता है। आप उसे भी बिल जमा कर सकते हैं। मीटर रीडर बिल जमा की रसीद भी उपलब्ध कराएगा। जितने का बिल जमा करेगा। उसके द्वारा बनाए गए बॉलेट से राशि कटकर विभाग के खाते में पहुंच जाएगी। इससे विभाग को समय से राजस्व मिलेगा, वहीं रीडर के बिल जमा करने से उसकी इनकम में भी इजाफा होगा।