न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विकास खंड सहपऊ के गांव नगला बिहारी के ग्राम प्रधान को गबन के मामले में नोटिस जारी किया गया है। जांच में इस ग्राम पंचायत में 2.14 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता सामने आई थी। इस आधार पर डीएम ने ग्राम प्रधान को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।
पिछले दिनों ग्राम पंचायत नगला बिहारी के रहने वाले कुलदीप और बंटू सहित अन्य ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत में हुए विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत की थी। शिकायत पर डीएम ने बेसिक शिक्षा अधिकारी व आरईडी के अभियंता की संयुक्त टीम बनाकर जांच करने के निर्देश दिए थे। इस क्रम में स्थलीय निरीक्षण करने पर टीम ने पाया कि ग्राम पंचायत में अस्थायी गोशाला बनाने पर 2.02 लाख रुपये खर्च होना दर्शाया गया है, जबकि इस गोशाला में कोई गोवंश ही नहीं है।
वहीं स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) के तहत अपात्र व्यक्ति के यहां शौचालय का निर्माण कराया गया है। जांच में विभिन्न वित्तीय अनियमितताएं सामने आईं। इनके लिए ग्राम पंचायत सचिव और ग्राम प्रधान को दोषी माना गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने ग्राम प्रधान को नोटिस देकर 2.14 लाख रुपये के सरकारी धन के दुरुपयोग के मामले में उनका जवाब मांगा है। जवाब संतोषजनक नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जएगी।