हाथरस: ठंड में अलाव पर तापते लोग।
- फोटो : HATHRAS
शीतलहर से सामान्य जन-जीवन अस्त-व्यस्त
बर्फीली हवा और गलन भरी सर्दी से लोगों का हाल-बेहाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। शीतलहर का प्रकोप जारी है। बृहस्पतिवार को पूरे दिन बर्फीली हवाएं चली और गलन भरी सर्दी रही। इसने सामान्य जन-जीवन को प्रभावित कर दिया। लोगों ने शीतलहर से बचने के तमाम जतन किए। किसी ने गरम कपड़ों का सहारा लिया तो कोई अलाव पर तापता नजर आया। सर्दी के प्रकोप के चलते इस मौसम में होने वाली बीमारियों की मरीजों की तादाद भी बढ़ रही है।
शीतलहर अपना प्रकोप दिखा रही है। बृहस्पतिवार को पूरे दिन गलन भरी सर्दी में बर्फीली हवा ने शरीर पर नश्तर की तरह वार किए। हालांकि दोपहर कोे धूप तो निकली लेकिन धूप में तल्खी नहीं थी ऐसे में धूप में भी लोग सर्दी से परेशान रहे। गलन और सर्दी की वजह से सामान्य दिनचर्या बेहद प्रभावित रही।
शाम ढलने के बाद बाजारों में भीड़ काफी कम हो गई। बाजार भी जल्द बंद हो गए। सरकारी कार्यालयों में भी भीड़ कम दिखाई दी। लोगों ने तरह-तरह के इंतजाम सर्दी से निपटने के लिए किए। किसी ने अलाव का सहारा लिया तो किसी ने गरम कपड़ों का। शाम ढलने के बाद तो लोग मजबूरी में ही घरों से बाहर निकले।