डीएम के आदेश ताक पर, कई निजी स्कूल खुले
निजी स्कूल संचालक शीतकालीन अवकाश के आदेश की उड़ा रहे धज्जियां
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कड़ाके की ठंड के चलते जिलेभर के कक्षा एक से 12वीं तक के सभी बोर्डों के स्कूल कॉलेजों को बंद रखने के निर्देश डीएम ने दिए हैं, लेकिन कुछ निजी स्कूल संचालकों पर इसका कोई असर नहीं दिख रहा है। तभी तो वह अपने स्कूल को खोलकर बच्चों को स्कूल आने के लिए मजबूर कर रहे हैं।
पिछले दिनों शासन के निर्देश पर डीएम ने 19, 20 और 21 दिसंबर की छुट्टी की, लेकिन ठंड और अधिक होने के कारण इसके बाद 23 और 24 दिसंबर का भी शीतकालीन अवकाश घोषित कर दिया गया। ठंड कम नहीं हुई तो फिर से 26, 27, 28 दिसंबर तक का अवकाश घोषित करते हुए सभी शैक्षणिक संस्थानों (नर्सरी से 12वीं तक) को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
इसके बाद भी कुछ प्राइवेट स्कूल संचालकों पर इस आदेश का असर दिखाई नहीं दे रहा है। तभी तो रुहेरी स्थित एक प्राइवेट स्कूल डीएम के आदेश के बाद भी कड़ाके की ठंड में खुला। बीएसए हरीशचंद्र ने बताया कि इस प्रकार का अगर कोई मामला है तो इस बारे में जानकारी की जाएगी। ठंड में स्कूलों की छुट्टी के आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।