न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
जिले के नोडल अधिकारी रजनीश गुप्ता ने तहसील से लेकर कस्बा एवं ग्राम पंचायत के विकास कार्यों की समीक्षा की। गंदगी देखकर वह भड़क उठे। अफसरों को जमकर फटकार लगाई। खेड़ा फिरोजपुर के अंत्येष्टि स्थल को देखकर संबधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निलंबन कराने की चेतावनी दी। एस्टीमेट दिखाने के लिए 24 घंटे का समय दिया। उन्होंने सोमवार को भी क्षेत्र का भ्रमण करने की बात कही।
दरअसल, विकास खंड के अधिकारी सबसे पहले नोडल अधिकारी को लेकर ग्राम पंचायत खेड़ा फिरोजपुर के बने अंत्येष्टि स्थल पहुंचे। उन्होंने अंत्येष्टि स्थल का एस्टीमेट देखने के लिए मांगा तो संबधित अधिकारियों ने हाथ खडे़ कर लिए। अधिकारी एक-दूसरे की बगलें झांकने लगे तो नोडल अधिकारी ने कहा कि मुझे यहां क्यों लेकर आए हो।
डीपीआरओ, एडीओ पंचायत, जेई आरईएस, पंचायत सचिव को जमकर फटकार लगाते हुए 24 घंटे के अंदर एस्टीमेट दिखाने और ऐसा नहीं करने पर निलंबित कराने की चेतावनी दी। नोडल अधिकारी ने गांव में सफाई व्यवस्था न करने पर सफाई कर्मचारियों एवं मौके पर छिड़काव कर रहे कर्मचारी से पूछा कि कितनी दवा डालकर छिड़काव कर रहे हो।
इसके बाद नोडल अधिकारी ने गांव रामनगर होते हुए चंपाबाग, विद्यापीठ इंटर कॉलेज होते हुए कस्बे में प्रवेश किया। नानऊ रोड स्थित सिनेमा हाल के सामने नगर पंचायत द्वारा एकत्रित कूडे़ से फैली गंदगी को देखकर नोडल अधिकारी का पारा चढ़ गया।
ईओ और डीपीआरओ एक दूसरे की तरफ देखने लगे। पूछा कि गंदगी के इतने ऊंचे ढेर क्यों लगे है। यहां के लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर होंगे। कस्बे की नालियां कीचड़ से ओवरफ्लो हो रही हैं। चारों ओर गंदगी का साम्राज्य है। जनप्रतिनिधि भी अपने दायित्व नहीं निभा रहे हैं। इसके बाद नानऊ रोड होते हुए कस्साबान, रामलीला मैदान होकर आगरा-अलीगढ़ रोड आए और तहसील में प्रवेश किया। तहसील में भी गंदगी मिलने पर नाराजगी व्यक्त की। संवाद