हाथरस : स्कूल आवंटन के लिए बीआरसी हतीसा पर पहुंचे शिक्षक-शिक्षिकाएं।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अंतरजनपदीय स्थानांतरण के तहत जिले में आए शिक्षक-शिक्षिकाओं को शुक्रवार को भी स्कूलों का आवंटन नहीं हो सका। स्कूल आवंटन की आस में आए शिक्षक-शिक्षिका निराश लौट गए। अब शासन स्तर से इस संबंध में समय सारिणी विभाग द्वारा मांगी गई है।
जिले में करीब 45 जिलों से लगभग 350 शिक्षक-शिक्षिकाएं अंतरजनपदीय स्थानांतरण प्रक्रिया के तहत आए हैं। इनको स्कूलों का आवंटन शासन स्तर से जारी स्कूलों की सूची के आधार पर किया जाना है। शुक्रवार को स्कूलों का आवंटन होना था, लेकिन जिले के स्कूलों में रिक्तियों की स्थिति त्रुटिपूर्ण होने के कारण स्कूल आवंटन की प्रक्रिया स्थगित कर दी गई, जबकि बीआरसी हतीसा पर शिक्षक-शिक्षिका स्कूल आवंटन की आस लेकर गए थे।
इस कारण यहां पर काफी भीड़ भी रही। बीएसए मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि शिक्षा निदेशक को स्थिति से अवगत करा दिया गया है। रिक्तियों की स्थिति त्रुटिपूर्ण होने के कारण स्कूल आवंटन के लिए समय मांगा गया है, ताकि बंद व एकल विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती की जा सके।