हाथरस: हॉट स्पॉट मोहनगंज में सैनटाइजेशन करते नगर पालका के कर्मचारी।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना का कहर जिले में लगातार बढ़ता जा रहा है। अब जिले में कोरोना के नौ और संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें से पांच शहर की घनी आबादी क्षेत्र के हैं। तीन सिकंदराराऊ के और एक हसायन का संक्रमित शामिल है। इन सभी नौ संक्रमितों को मुरसान के कोविड-1 अस्पताल में दाखिल कराया गया है। इसकी जानकारी मिलते ही शहर में सुबह से ही लोगोें में खौफ व्याप्त हो गया।
हाल में ही जिले में कोरोना के संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। इस क्रम में अब छह और नए मामले सामने आए हैं। स्थानीय मोहनगंज निवासी 70 वर्षीय एक वृद्ध की पिछले दिनों मौत हो गई थी। मौत के बाद परिजनोें ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। इस वृद्ध की मौत की जानकारी मिलने पर उसके परिवार के 14 सदस्यों को स्वास्थ्य विभाग ने क्वारंटीन किया था और सभी के नमूने जांच के लिए भेजे गए थे। इसमें उसके परिवार के तीन सदस्यों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
इन तीनों को कोविड वन अस्पताल मुरसान में भेजा गया है। इसी तरह शहर की होली वाली गली निवासी एक रेडीमेड गारमेंट्स कारोबारी की पिछले दिनों मौत हो गई थी। मौत का कारण ब्रेन हैमरेज बताया गया था। इसकी सूचना पाकर स्वास्थ्य विभाग की टीम उसके यहां पहुंची थी और परिवार के लोगों के नमूने लिए थे। अब उनके परिवार की दो महिलाएं कोरोना पॉजिटिव मिली हैं। यह देवरानी व जेठानी हैं। इन्हें उपचार के लिए कोविड-1 अस्पताल में दाखिल कराया गया है। हसायन के गांव खुशालगढ का 45 वर्षीय एक युवक भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। वह पिछले दिनों नोएडा से लौटकर आया था और उसका नमूना जांच के लिए भेजा गया था। उसे भी कोविड-1 अस्पताल मुरसान में दाखिल कराया गया है। जिले में कोरोना पॉजिटिव के छह नए मामले मिलने की डीएम ने पुष्टि की है।
सिकंदराराऊ में तीन और कोरोना संक्रमित मिले
सिकंदराराऊ। कस्बा सिकंदराराऊ के मोहल्ला मटकोटा में एक ही परिवार के तीन अन्य लोग भी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। उल्लेखनीय है कि कस्बा सिकंदराराऊ में पिछले दिनों एक कपड़ा व्यवसायी कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद इनके परिवार वालों के नमूने भी जांच के लिए भेजे गए। एसडीएम विजय कुमार शर्मा ने बताया कि इन व्यवसायी के दो बेटे और पत्नी भी कोरोना संक्रमित मिली हैं। इन्हें कोविड वन अस्पताल मुरसान में भेजा गया है।