लापरवाही: दस हजार रीडिंग मीटर में ही छोड़ी
बिजली चेकिंग के दौरान हुआ खुलासा, एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी में जुटे अधिकारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। बिजली महकमा घाटे से उबरने की कोशिश में जुटा हुआ है तो वहीं बिजली महकमे को मीटर रीडर चपत लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं। एक मीटर रीडर ने मीटर में दस हजार रीडिंग स्टोर कर रखी थी। बिजली चेकिंग में इसका खुलासा हुआ है। अब बिजली अधिकारी मीटर रीडर और कार्यदायी संस्था के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी में जुटे हैं।
उल्लेखनीय है कि बिजली महकमे में मीटर बदलने से लेकर रीडिंग स्टोर में कर्मियों की मिली भगत से प्राइवेट कर्मी खेल कर रहे हैं। शहर के मुंसिफ गली में एक मीटर रीडर ने एक उपभोक्ता के मीटर में दस हजार रीडिंग स्टोर कर रखी थीं। जब बिजली चेकिंग करते हुए मुंसिफ गली पहुंची तो मीटर और बिल को मिलान किया तो अधिकारियों के पांव तले जमीन खिसक गई। मीटर में दस हजार रीडिंग स्टोर थी। इसकी भनक लगते ही कर्मी मीटर बदलने पहुंच गया।
हालांकि आला अफसरों की मौजूदगी होने के कारण मीटर बदलने वाला व्यक्ति वहां से भाग खड़ा हुआ। बिजली अधिकारी मीटर रीडर और कार्यदायी संस्था के खिलाफ संबधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की कवायद में जुटे हैं। इस मामले में एक्सईएन सुभाष चंद्रा का कहना है कि एक मीटर में चेकिंग के दौरान रीडिंग स्टोर मिली है। मीटर रीडर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए गए हैं। यदि कार्यदायी संस्था मीटर को बचाती है तो संस्था के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।