न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
वर्तमान भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। प्रदेश में 286 दिन बाद किसान सरकार बनेगी। धर्म और जातिवाद की राजनीति करने वाली सरकार का सूपड़ा-साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले काफी समय से किसान कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। कई किसान शहीद भी हो गए हैं, लेकिन सरकार के पास इन किसानों को श्रद्धांजलि देने तक का वक्त नहीं है, इससे स्पष्ट है कि किसानों के प्रति कितनी सरकार कितनी संवेदनशील है।
यह बातें युवा राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष वसीम राजा ने हाथरस रोड स्थित मुरली गार्डन में सोमवार को आयोजित युवा राष्ट्रीय लोकदल के युवा संवाद और कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि हाथरस में हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी पर हमला किया गया, जिसे कोई भी किसान भूला नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि न तो यह सरकार युवाओं को नौकरी दे पाई और न कोरोना काल में उनकी शिक्षा की उचित व्यवस्था कर पाई। लॉकडाउन में न तो बिजली के बिल माफ किए गए और न बच्चों की स्कूल की फीस माफ की गई। इस सरकार ने सिर्फ धर्म, जाति के नाम पर जनता को बेवकूफ बनाने का काम किया। भाजपा के जनप्रतिनिधि भी बंधुआ मजदूर की तरह काम कर रहे हैं।
उन्होंने रालोद के सभी युवा कार्यकर्ताओं में जोश का संचार करते हुए कहा कि सभी एकजुट हो जाएं। जो कार्यकर्ता नाराज हो गए हैं, उन्हें मनाकर वापस ले आएं। उन्होंने जिले में रालोद के युवा संगठन को मजबूत किए जाने पर भी बल दिया। बृज क्षेत्र अध्यक्ष युवा रालोद अतुल सिसौदिया ने कहा कि भाजपा सरकार में वर्तमान परिस्थितियों से देश की जनता संतुष्ट नहीं है। किसानीयत बर्बाद होने के कगार पर है। रालोद प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक गुर्जर ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के हाथों को मजबूत करने के लिए जिले में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करें।
पूर्व विधायक प्रताप चौधरी ने कहा कि जाति धर्म से ऊपर उठकर रालोद के हाथों को मजबूत करें। युवा वरिष्ठ नेता प्रशांत कनौजिया, युवा रालोद प्रदेश महासचिव प्रवीण पौनियां ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में भाजपा छोड़कर आए रवेंद्र चौधरी सहित कई युवाओं को रालोद की सदस्यता ग्रहण कराई गई। इस मौके पर रालोद जिलाध्यक्ष केशव देव चौधरी, पूर्व विधायक प्रताप चौधरी, सत्येंद्र फ़ौजदार, महीपाल सिंह, बहादुर सिंह, यतेंद्र सिंह, भूरा पहलवान, कृष्णा कुमार, अजय, शैलु एराई, भोला पहलवान, पूर्व ब्लॉक प्रमुख बहादुर सिंह, यथार्थ चौधरी आदि मौजूद रहे।