मुरसान बिजलीघर में कभी भी हो सकता है हादसा
बाउंड्रीवाल नहीं होने के कारण आवारा पशु करते हैं ट्रांसफार्मरों के पास विचरण
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कस्बा मुरसान के बिजलीघर में कभी भी हादसा हो सकता है। मुरसान सब स्टेशन में बाउंड्रीवाल नहीं होने के कारण आवारा पशु ट्रांसफार्मरों के पास विचरण करते हैं। इससे अनहोनी का अंदेशा बना रहता है।
कस्बा मुरसान स्थित 33/11 केवीए के सबस्टेशन से काफी गांवों को बिजली आपूर्ति दी जाती है। इतना बड़ा सब स्टेशन होने के बाद यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। कई बार विभागीय कर्मियों ने अफसरों को अवगत कराया। तब भी कुछ नहीं हुआ है। मुरसान सब स्टेशन के अंदर यार्ड में लगे ट्रांसफार्मरों के पास चारदीवारी नहीं हैं। इस कारण आवारा पशु ट्रांसफार्मरों और लाइनों के पास विचरण करते रहते हैं।
पशुओं के कभी भी काल के गाल में समाने के साथ सब स्टेशन के पास लगे ट्रांसफार्मर में धमाका हो सकता है। बिजली गुल हो सकती है। इस मामले में एक्सईएन खानचंद्र का कहना है कि बाउंड्रीवाल का प्रस्ताव पूर्व में भेजा जा चुका है। कार्यखंड वालों को काम करना है। इस संबध में फिर पत्र भेजा जाएगा।