व्हाट्सएप ग्रुप में अश्लील वीडियो व फोटो डालने वाला गिरफ्तार
न्यू ईयर व्हाट्सएप ग्रुप में अश्लील वीडियो व फोटो डालने का मामला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। व्हाट्सएप ग्रुप में अश्लील वीडियो व फोटो डालने के आरोपियों का पुलिस ने शांतिभंग में चालान किया है। शिकायतकर्ता ने आरोपियों को हिदायत दी और पुलिस से उनके खिलाफ कार्रवाई न करने की बात कही। जिसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की।
उल्लेखनीय है कि शहर के एक मोहल्ले के रहने वाले युवक ने हैप्पी न्यू ईयर के नाम से बने व्हाट्सएप ग्रुप में कुछ अश्लील वीडियो व फोटो डाल दिए। जिस पर ग्रुप में शामिल एक महिला ने आपत्ति जताई और फोटो व वीडियो सेंड करने वाले युवक को फोन किया, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। इस बात से गुस्साई महिला ने कोतवाली हाथरस गेट में पूरे मामले की शिकायत की। जिसके बाद पुलिस ने लोगों को हिरासत में भी ले लिया।
बताते हैं कि यहां पर महिला व युवकों के पक्ष के तमाम लोग आ गए और मामले में रफा-दफा कराने का प्रयास करने लगे। शिकायत करने वाली महिला से भी काफी विनती की गई कि वह युवकों को माफ कर दे, आगे से ऐसी गलती नहीं होगी। जिस पर महिला ने आरोपियों को हिदायत देते हुए भविष्य में ऐसा न करने की बात कही और फिर अपने घर लौट गई। इस पर पुलिस ने दोनों आरोपियों का शांतिभंग में चालान किया।