आर्थिक गणना को गई सर्वे टीम को जिरोली कलां में बनाया बंधक
टीम से गांव के दबंग ने की अभद्रता, गाली-गलौज
सीएससी प्रबंधक ने ईडीएम व जिलाधिकारी से की शिकायत
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। जिले के ब्लॉक हसायन के गांव जिरोली कलां में सातवीं आर्थिक गणना के सर्वे के लिए गई टीम को गांव के एक दबंग ने बंधक बना लिया। टीम के सदस्यों ने बताया कि दबंग व्यक्ति द्वारा मोबाइल छिन लिया गया और गाली गलौज भी की गई। टीम ने इस प्रकरण की जानकारी जिला प्रबंधक सीएससी को दी है। उधर सीएससी प्रबंधक ने बताया कि इस गंभीर प्रकरण के बाद सर्वे करने के लिए टीमें गांवों में जाने से इंकार कर रही हैं। इस संबंध में डीएम सहित अन्य उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है।
शासन के निर्देशों पर जिले में सातवीं आर्थिक गणना का काम चल रहा है। यह काम सीएससी ई गर्वनेंस के माध्यम से पेपर लेस तरीके से किया जा रहा है। ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति ऐप के माध्यम से अपलोड की जा रही है। वहीं विगत में आर्थिक गणना के दौरान सीएससी के संचालकों व एनुमेटरों के साथ मारपीट व अभद्रता किए जाने के कई मामले आ चुके हैं।
हालांकि इन प्रकरणों में सीएससी प्रबंधक की ओर से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है, लेकिन किसी भी प्रकरण में कोई गंभीरता पूर्वक कार्रवाई नहीं की गई है। इसी क्रम में शनिवार को ब्लॉक हसायन के गावं जिरोली कलां में आर्थिक गणना के सर्वे को गई टीम को गांव के एक दबंग ने बंधक बना लिया। टीम के सुमेश कुमार, सत्यभान व कमल सिंह ने बताया कि गांव जिरोली कलां में सर्वे के लिए गए थे।
प्रधान को इस बात की जानकारी दी गई थी। उन्होंने बताया कि जब हम मंदिर के पास एक घर में सर्वे के लिए गए तो हमें डाटा देने से साफ इंकार कर दिया और हमारे साथ गाली गलौज की। उन्होंने बताया कि मकान स्वामी ने हमें अपने घर में अंदर बुलाया और करीब एक घंटे तक घर में बंधक बनाए रखा। यहां तक कि हमारा मोबाइल भी ऑफ करवा दिया। हम लोग पैरों में पड़कर वहां से निकले।
टीम के सदस्यों ने बताया कि उक्त दबंग व्यक्ति ने ग्राम पंचायत की सीमा में न दिखने की धमकी भी दी। वहीं परिवार में पुलिस महकमे में ऊंचे पद होने की धमकी देते हुए जेल में डलवाने की बात भी कही। गणनाकारों ने इस संबंध में अपने सीएससी प्रबंधक प्रदीप सिंह को जानकारी दी। सीएससी जिला प्रबंधक प्रदीप सिंह ने बताया कि गणनाकारों को जिरोली कलां में बंधक बनाने की बात सामने आई है। टीम से विगत में भी कई बार अभद्रताएं हुई हैं, लेकिन कोई गंभीरता नहीं बरती जा रही है। अब गणनाकार गणना करने से इंकार कर रहे हैं। इस संबंध में डीएम व ईडीएम को पत्र भेजकर मामले में कार्रवाई किए जाने की मांग की है।