न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के बिजली महकमे के 600 से अधिक कर्मियों को इन-दिनों वेतन के लाले पड़े हुए हैं। ईआरपी सिस्टम लागू होने की वजह से इन कर्मियों को अभी तक वेतन नहीं मिला है। इस कारण कर्मियों को मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि बिजली महकमे में नियमित कर्मियों की खासी कमी है। इस कारण 64 बिजलीघरों पर 600 संविदा कर्मी कार्यरत हैं। इसके अलावा खंड कार्यालयों में चार दर्जन से अधिक ऑपरेटर कार्यरत हैं। इन सभी कर्मियों को जनवरी माह का वेतन नहीं मिला है। फरवरी माह में भी चंद दिन बाकी हैं। वेतन न मिलने के कारण कर्मी खासे परेशान हैं।
अधीक्षण अभियंता जगतराम का कहना है कि अभी हाल ही में ईआरपी सिस्टम लागू हो गया है। इस कारण एमडी कार्यालय से वेतन हस्तांतरण नहीं हो रहा है। कर्मियों को जल्द वेतन दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। संवाद