न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
एक तो वैसे ही शहर के लोगों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। रही-सही कसर लोकल फाल्ट पूरी कर रहे हैं। शनिवार को शहर की भट्टा वाली गली में लगे 250 केवीए के ट्रांसफॉर्मर पर बंदर कूद गया। इस कारण कई इलाकों में शाम से रात तक बिजली गुल रही। बिना बिजली के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। विद्युत कर्मी ट्रांसफार्मर को दुरुस्त करने में जुटे रहे।
शनिवार की शाम को करीब चार बजे शहर की भट्टा वाली गली में लगे 250 केवीए के ट्रांसफार्मर पर अचानक बंदर कूद गया, जिससे ट्रांसफॉर्मर में तेज धमाका हुआ और इससे जुड़े कई इलाकों की बिजली गुल हो गई। बिना बिजली के लोगों के जरूरी काम भी नहीं हो सके। घरों में लगे विद्युत उपकरण भी शोपीस बने रहे।
रात तक कर्मी ट्रांसफार्मर को सही कर बिजली आपूर्ति को सामान्य करने में जुटे रहे। शहर के नवीपुर कलां बिजलीघर के पास भी बंच कंडक्टर लाइन टूट गई। इस कारण नवीपुर बिजलीघर से जुड़े इलाकों में काफी देर तक बिजली बाधित रही। लोग देर रात तक बिजली आने का इंतजार करते रहे।