न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिला प्रशासन की ओर से शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में निगरानी समितियों को क्रियाशील किया गया है। इन समितियों के जरिये गांव-गांव और शहरी इलाकों में अन्य प्रांतों से आने वाले लोगों का डेटा तैयार किया जा रहा है। इन लोगों के डेटा को एकत्रित कर आने वाले समय में शासन के निर्देश के क्रम में विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।
लॉकडाउन अवधि में करीब सात दर्जन से अधिक प्रवासी श्रमिकों के आने की सूचना एकत्रित हो सकी। इन लोगों नाम, मोबाइल, कार्य दक्षता आदि का डेटा निगरानी समितियों के जरिये एकत्रित किया गया है। अन्य प्रांतों से आने के बाद बुखार, सर्दी और जुकाम आदि के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि मेडिसिन किट भी उपलब्ध कराई जा सके। यहां तक कि प्रशासन की ओर से इन श्रमिकों की लगातार निगरानी की जा रही है।