बहुचर्चित बिटिया प्रकरण में मुख्य आरोपी संदीप के पॉलीग्राफी टेस्ट में यह बात सामने आई है कि वह घटना के समय मौके पर ही मौजूद था। पॉलीग्राफी टेस्ट की रिपोर्ट के हिसाब से संदीप से कुछ सवाल पूछे गए तो उसने हर सवाल का या तो गलत उत्तर दिया या फिर उसके जवाब पर संशय ही रहा। अपने बचाव में उसके द्वारा दिया गया कोई भी जवाब सही नहीं निकला।
उल्लेखनीय है कि बिटिया के प्रकरण में सीबीआई चारों आरोपियों संदीप, रवि, रामू व लवकुश को गुजरात गांधीनगर ले गई थी और वहां पॉलीग्राफी व ब्रेन मैपिंग टेस्ट कराया था। सीबीआई ने इस मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ 18 दिसंबर को चार्जशीट भी दाखिल कर दी थी। इस प्रकरण में नए खुलासे भी हो रहे हैं। सीबीआई की चार्जशीट में जहां यह बात सामने आई थीकि मुख्य आरोपी संदीप और इस लड़की के बीच रिश्ते थे और दोनों में अक्सर बातें भी होती थीं।
पॉलीग्राफी टेस्ट रिपोर्ट के अनुसार संदीप के जब यह पूछा गया कि क्या घटना के दिन 14 सितंबर को वह उस खेत की निगरानी कर रहा था, जिस पर पीड़िता जा रही थी तो उसका जवाब नहीं था। टेस्ट रिपोर्ट में यह बात सामने आई कि उसने यह झूठ बोला। इसी तरह जब उससे यह पूछा गया कि क्या 14 सितंबर को वह पीड़िता पर खेत में हुए जानलेवा हमले में शामिल था। तब भी उसने अपना उत्तर नहीं ही दिया, जबकि पॉलीग्राफी टेस्ट रिपोर्ट में यह बात सामने कि इस सवाल का उत्तर भी उसने झूठ बोलकर दिया।
जब उससे यह पूछा गया कि क्या घटना के दिन छोटू के खेत में उसने पीड़िता तो छुआ था तो इसका उत्तर भी उसने न में ही दिया। पॉलीग्राफी टेस्ट के हिसाब से उसका यह उत्तर भी गलत था। इसी तरह उससे यह सवाल भी पूछे गए कि क्या उसे पीड़िता का दुपट्टे से गला दबाया था या उससे पीड़िता के साथ रिश्ते थे तो भी उसने इसका उत्तर न में ही दिया।
पॉलीग्राफी टेस्ट के हिसाब से यह उत्तर भी उसके संशयपूर्ण ही थे। पॉलीग्राफी टेस्ट के दौरान संदीप से जो भी सवाल पूछ गए, उसका कोई भी उत्तर टेस्ट की कसौटी पर सही नहीं था। इससे सीबीआई की जांच में यह बात सामने आई कि संदीप घटना के वक्त मौके पर मौजूद था। उसका यह कहना कि वह वहां नहीं था, पॉलीग्राफी टेस्ट रिपोर्ट में सही नहीं पाया गया।