न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
नगर पालिका परिषद हाथरस के सीमा विस्तार में शामिल हुई ग्राम पंचातयों के डी नोटिफिकेशन को लेकर अब फिर से संशोधित प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन स्तर से अब आबादी व गैर आबादी के अनुसार प्रस्ताव तैयार कर मांगा गया है।
उल्लेखनीय है कि शासन स्तर से नगर पालिका परिषद हाथरस का सीमा विस्तार किया गया है। इस विस्तार में जिले की 12 ग्राम पंचायतों के 15 राजस्व ग्रामों को शामिल किया है। अभी तक इन ग्राम पंचायतों का डी नोटिफिकेशन जारी नहीं हो सका है। इस कारण यह ग्राम पंचायतें शहरी क्षेत्र में शामिल नहीं हो सकी हैं। इन ग्राम पंचायतों में शासन स्तर से विकास के लिए मिलने वाली धनराशि भी नहीं मिली है। इन ग्राम पंचायतों के बाशिंदे विकास कार्यों से महरूम हैं।
अब इन ग्राम पंचायतों का डी नोटिफिकेशन जल्द ही जारी होने की संभावना है। निदेशक पंचायतराज विभाग ने यहां जिला प्रशासन को पत्र भेजकर संशोधित डी नोटिफिकेशन का प्रस्ताव मांगा है। पूर्व में विभाग की ओर से गाटा के आधार पर प्रस्ताव भेजा गया था। अब आबादी व गैरआबादी के अनुसार डी नोटिफिकेशन का प्रस्ताव तैयार कर भेजा गया है। डीपीआरओ बनवारी सिंह ने बताया कि डी नोटिफिकेशन का संशोधित प्रस्ताव भेजा गया है।