संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
हसायन में युवा कल्याण विभाग द्वारा बनाए जा रहे मिनी स्टेडियम का काम अक्तूबर के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से एक हेक्टेयर भूमि पर स्टेडियम का निर्माण हो रहा है।
सरकार खेलों को बढ़ावा देने के साथ प्रतिभाओं को निखारने की कवायद में जुटी हुई है।
इसी के चलते युवा कल्याण विभाग की देखरेख में हसायन में साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से एक हेक्टेयर भूमि पर स्टेडियम का निर्माण हो रहा है, जिसके अक्तूबर के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। लोनिवि के अधिकारियों द्वारा स्टेडियम में प्रयुक्त होने वाली सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष नजर रखी जा रही है।
स्टेडियम में इनडोर खेलों के अलावा हॉकी, जिम आदि की व्यवस्था की जाएगी। स्टेडियम बनने से अंडौली, हसायन, कानऊ, भरतपुर, मथुरापुर, एदलपुर, बकायन, छीतेपुर, पिछौती, खिटौली, सिकतरा, गोपालपुर, गढ़ौला, नवीपुर सहित दर्जनों गांवों के युवा प्रतिभा को निखारेंगे।
लोनिवि एक्सईएन राजेश कुमार निगम का कहना है कि हसायन में युवा कल्याण विभाग द्वारा मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। इसकी गुणवत्ता विभाग द्वारा जांची जा रही है। युवा कल्याण विभाग के अधिकारी अक्तूबर तक निर्माण पूरा होने की बात कह रहे हैं।