हाथरस : पुरदिलनगर में समान्य रूप से खुला बाजार। संवाद
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
कस्बा पुरदिलनगर में शुक्रवार की दोपहर को जुमे की नमाज के बाद जुलूस निकालने के दौरान हुए बवाल के बाद शनिवार की सुबह से ही कस्बे के बाजार सामान्य रूप से खुले। मुस्लिम समाज की अधिकांश दुकानें बंद रहीं। एहतियातन पूरे कस्बे में काफी पुलिस बल तैनात रहा। जिला मुख्यालय से भेजे गए एसडीएम वेद सिंह चौहान पूरे दिन कस्बे में रहकर हालात पर नजर रखे रहे।
बता दें कि शुक्रवार की दोपहर को हुए बवाल के बाद शाम को डीएम रमेश रंजन और एसपी विकास कुमार वैद्य ने लोगों से आग्रह कर बाजार को खुलवा दिया था। शुक्रवार की सुबह से ही कस्बे का मुख्य बाजार खुल गया, लेकिन मुस्लिम बहुल इलाकों की अधिकांश दुकानें बंद नजर आईं। कस्बे के जवाहर चौक से लेकर प्रमुख स्थानों पर काफी पुलिस बल तैनात रहा।
हालांकि बवाल की दहशत इतनी थी कि बाजार में ज्यादा चहल-पहल नहीं दिखाई दी। माह का द्वितीय शनिवार होने के कारण बैंक, डाकखाना और अन्य सरकारी कार्यालय बंद रहे। कोतवाली पर शनिवार की सुबह एसडीएम अंकुर वर्मा और सीओ सुरेंद्र सिंह आ गए और गिरफ्तार किए गए लोगों को कड़ी सुरक्षा में जेल भिजवा दिया। एसडीएम व सीओ ने कहा कि कस्बे की स्थिति पूरी तरह सामान्य है। जिन लोगों ने यह बवाल किया है, उनकी धरपकड़ वीडियो फुटेज के आधार पर लगातार जारी रहेगी। हालांकि बाजार में निर्जला एकादशी के मौके पर शर्बत की प्याऊ भी लगाई गई। संवाद
किसके कहने पर जुलूस में शामिल हुए बच्चे व युवा
अधिकारियों की छानबीन में यह बात भी सामने आई है कि शुक्रवार को निकाले गए जुलूस में बड़ी संख्या में नाबालिग बच्चे और युवा नजर आए। अधिकारियों का कहना है कि इनमें से अधिकांश को यही मालूम नहीं था कि आखिर माजरा क्या है। ऐसे में अधिकारी यह भी मालूम करने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर किसके कहने पर यह बच्चे और युवा जुलूस में शामिल हुए। संवाद