न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर में शनिवार को जब बाजार खुले तो भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने जमकर खरीदारी की और सामाजिक दूरी तार-तार हो गई। हालांकि कुछ बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा, लेकिन मुख्य सड़कों पर लोगों की आवाजाही बनी रही।
इस समय शासन ने जिले में कोरोना कर्फ्यू लगा रखा है लेकिन इसका ज्यादा पालन नहीं हो रहा। शनिवार को भी यही स्थिति दिखाई दी। सुबह जब बाजार खुले तो बाजार में खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ी। तमाम ऐसी दुकानें खुलीं, जिनके खुलने की अनुमति नहीं है। बाजार में जाम की स्थिति भी देखने को मिली।
दुकानों पर भीड़ एकत्रित रही और इस दौरान लोग सामाजिक दूरी भी भूल गए। हालांकि बाद में कुछ बाजारों में सन्नाटा पसर गया, लेकिन कुछ दुकानें शाम तक खुलीं। सड़कों पर पूरे दिन आवाजाही रही। शराब की दुकानों पर भीड़ नजर आई। राशन की दुकानों पर भी खाद्यान्न वितरित हुआ।