न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली सदर क्षेत्र के रहने वाले प्रेमी युगल ने परिजनों की बिना सहमति के शादी रचा ली। इसके कारण उन्हें अपनी जान का खतरा हुआ तो वह कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने दोनों के परिजनों को बुलाकर, उन्हें पुलिस सुरक्षा में घर तक छोड़ा।
शहर के एक मोहल्ला निवासी युवती आगरा के एक विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा की पढ़ाई कर रही है। आगरा में ही शहर से सटे एक गांव का युवक भी पढ़ाई कर रहा है। इसी बीच दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई और प्रेम संबंध हो गया इसके बाद दोनों ने साथ जीने मरने की कसमें खा ली। कुछ दिन पहले प्रेमी युगल ने शादी रचा ली है।
इस बात की जानकारी होने पर दोनों के परिजनों में कहासुनी हो गई। जिसके कारण उन दोनों को खतरा सताने लगा और वह दोनों शुक्रवार को कोतवाली पहुंचे। यहां पर उन्होंने अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस ने दोनों के परिवार के लोगों को बुलाया और फिर युवती को उसके प्रेमी के साथ उसके घर भेज दिया गया। कोतवाली प्रभारी जगदीशचंद्र ने बताया कि युवती व युवक ने आपसी सहमति से शादी की है। दोनों को पुलिस सुरक्षा में घर भेज दिया गया है।