हाथरस: मेंडू रोड पर गंदे नाले की पुलिया के बराबर होता नए पुल का निर्माण ।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
लोक निर्माण विभाग जिले में ब्लैक स्पॉट को पूरी तरह खत्म करने की योजना बना रहा है। जिले में चार में से तीन ब्लैक स्पॉट को लोनिवि ने खत्म कर दिया है। अब सोखना पुलिया के चौड़ीकरण का काम रफ्तार पकड़ेगा। वन विभाग से लोक निर्माण विभाग को एस्टीमेट जमा करने का आदेश मिल गया है। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि जिले में करीब आधा दर्जन ब्लैक स्पॉट हैं। लोक निर्माण विभाग के अधीन खेमगढ़ी, करवन नदी, अगसौली व सोखना पुलिया शामिल हैं। इनमें से तीन ब्लैक स्पॉट को लोनिवि ने खत्म कर दिया है। सोखना पुलिया के चौड़ीकरण में वन विभाग की भूमि आ रही थी। इस कारण यह काम रुका हुआ था। अब वन विभाग ने इसका एस्टीमेट तैयार कर लोनिवि को सौंप दिया है।
जल्द एस्टीमेट की राशि जमा होने के बाद करीब दो करोड़ की लागत से सोखना पुलिया के चौड़ीकरण का काम जल्द शुरू होगा। वर्ष 2020 के अंत तक पूरा करने की कोशिश चल रही है। लोनिवि के एई बीपीएस यादव का कहना है कि चार ब्लैक स्पॉट में से तीन को खत्म कर दिया गया है। सोखना पुलिया चौड़ीकरण का काम जल्द शुरू होगा। वर्ष के अंत तक चौड़ीकरण के काम को खत्म करने के पूरे प्रयास किए जाएंगे।