न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हसायन (हाथरस)
एकमुश्त समाधान योजना के तहत विद्युत महकमे ने गांव कानऊ में शुक्रवार को शिविर का आयोजन किया। उपखंड अधिकारी (एसडीओ) ज्ञानप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में गांव में संयोजनों की जांच भी की गई। एसडीओ ने देखा कि दो किलो अधिभार का कनेक्शन होने के बाद भी उपभोक्ताओं द्वारा थ्री फेस की केबल लगाकर बिजली का उपभोग किया जा रहा था। इस मामले में लापरवाही के आरोप में एसडीओ ने उच्चाधिकारियों के आदेश पर संविदा लाइनमैन की सेवा समाप्त कर दी है।
एसडीओ ने बताया कि कानऊ में शिविर के दौरान जब कनेक्शनों की जांच की गई तो लाइनमैन सूरज गौतम उन्हें बडे़ बकाएदारों के यहां ले जाने के बजाय छोटे बकायेदारों के यहां घुमाने लगा। जांच में एक उपभोक्ता के घर पर दो किलो अधिभार का कनेक्शन होने के बाद भी उपभोक्ता के द्वारा थ्री फेस की केबल डालकर बिजली चोरी होते हुए मिली। इस मामले में उपभोक्ता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। लाइनमैन की संलिप्तता पाए जाने पर उसकी सेवा समाप्त कर दी गई है। संवाद